हमीरपुर। जिला स्तरीय समीक्षा एवं बैंक सलाहकार समिति की बैठक हमीर भवन में उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस बैठक में चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही तक की उपलब्धियों एवं निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा की। उपायुक्त ने सभी बैंक अधिकारियों से कहा कि वे आम लोगों को अधिक से अधिक ऋण आवंटित करें और सरकार की विभिन्न सब्सिडी योजनाओं के लाभार्थियों को ऋण आवंटन में देरी न करें। डॉ. वाईएस परमार शिक्षा ऋण योजना से अधिक से अधिक युवाओं को लाभान्वित करने के लिए उच्च शिक्षण संस्थानों में विशेष जागरुकता शिविर लगाएं। भारतीय रिजर्व बैंक के शिमला कार्यालय के एलबीओ राहुल जोशी ने बैंक के विभिन्न दिशा-निर्देशों से अवगत करवाया। बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष अनीता शर्मा, एडीसी अभिषेक गर्ग और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।