सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य के युवा पहले ही नशे की समस्या से जूझ रहे हैं और अब सरकार उन्हें लॉटरी के जरिए एक और दलदल में धकेलने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार अपने कार्यकाल में हर मोर्चे पर विफल रही है और अब लॉटरी शुरू कर युवाओं को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के आरडीजी नहीं मिलने संबंधी बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस सरकार को प्रदेश की आर्थिक स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश पर करीब 1.10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज हो गया है। उनके अनुसार सरकार के पास इस कर्ज से निपटने के लिए कोई ठोस और दूरदर्शी कार्यक्रम नहीं है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति को लेकर केवल नकारात्मक चर्चा करने के बजाय सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने खेल क्षेत्र का भी मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार की ओर से खेल बजट के लिए भी व्यापक प्रावधान नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के भविष्य और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सरकार को प्राथमिकता के आधार पर योजनाएं बनानी चाहिए।