एम्स बिलासपुर में मंगलवार को आयोजित एम्स दीक्षांत कार्यक्रम के लिए सदर के विधायक त्रिलोक जमवाल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह दिन पूरे बिलासपुर के लिए ऐतिहासिक दिन है। बिलासपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि 3 अक्तूबर 2017 को बिलासपुर आकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एम्स बिलासपुर का भूमि पूजन किया। 5 अक्तूबर 2022 को फिर से प्रधानमंत्री बिलासपुर पहुंचे और एम्स बिलासपुर का उद्घाटन किया। अब 6 अक्तूबर को जब एम्स का पहला दीक्षांत कार्यक्रम हुआ तो राष्ट्रपति यहां पर पहुंचीं और बच्चों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह तीनों तिथियां बिलासपुर के इतिहास में याद रखी जाएंगी। उन्होंने कहा कि बहुत कम समय में एम्स बिलासपुर बनकर तैयार हुआ, जिसका श्रेय केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा को जाता है। तीव्र गति से इस एम्स का कार्य हुआ, जिसका लाभ आज बिलासपुर सहित पूरे प्रदेश को मिल रहा है। साथ ही उन्होंने सांसद अनुराग ठाकुर और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार व्यक्त किया। कहा कि अनुराग ठाकुर और जयराम ठाकुर का सहयोग भी इस कार्य को तेजी से करने में रहा है। इस मौके पर भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी स्वदेश ठाकुर, मंडल अध्यक्ष हंसराज ठाकुर और जिला परिषद अशोक शर्मा मौजूद रहे।