राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दबट में स्वारघाट खंड की अंडर-14 छात्र वर्ग की तीन दिवसीय खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हो गया। प्रतियोगिता में स्वारघाट खंड के 27 स्कूलों से करीब 320 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर विभिन्न खेलों में दमखम दिखाया। खिलाड़ियों ने कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, वॉलीबाल, कुश्ती और शतरंज में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव विकास ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। खिलाड़ियों ने मार्चपास्ट के साथ मुख्यातिथि को सलामी दी। इसके बाद मुख्यातिथि ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। मुख्यातिथि विकास ठाकुर ने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेलों में लगातार मेहनत करने और भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया। खेल प्रभारी शांता कुमार ने प्रतियोगिता के परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि कबड्डी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला स्वारघाट ने पहला स्थान, जबकि तरसूह स्कूल ने दूसरा स्थान हासिल किया। खो-खो में भी स्वारघाट स्कूल विजेता रहा और स्वाहन स्कूल उपविजेता बना। बैडमिंटन में नैला स्कूल ने खिताब जीता, जबकि तरसूह स्कूल दूसरे स्थान पर रहा। वॉलीबाल प्रतियोगिता में तरसूह स्कूल विजेता और छाम्ब-भुजान स्कूल उपविजेता रहा। शतरंज में नैला स्कूल ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि जनाली स्कूल दूसरे स्थान पर रहा। कुश्ती प्रतियोगिता में लखनू की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। नांगे ठाकुर स्कूल की टीम उपविजेता रही। मार्चपास्ट प्रतियोगिता में मेजबान दबट स्कूल ने पहला स्थान हासिल कर ट्रॉफी अपने नाम की। समापन अवसर पर सुभाष चंद, आयोजन समिति के सदस्य, स्कूल स्टाफ, विभिन्न स्कूलों से पहुंचे शिक्षक और खिलाड़ी मौजूद रहे।