कोटधार क्षेत्र की ग्राम पंचायत सनीहरा के गंगलोह गांव निवासी शहीद लांस दफेदार बलदेव चंद शौर्य चक्र विजेता की शहादत को उनके शहीदी दिवस पर श्रद्धापूर्वक याद किया गया। राजकीय उच्च पाठशाला गंगलोह में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शहीद की वीरता और देश के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया। कार्यक्रम के दौरान शहीद बलदेव चंद को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस मौके पर उनके देश सेवा और वीरता को याद करते हुए उपस्थित लोगों ने उनके बलिदान को नमन किया। कार्यक्रम में झंडूता विधायक जीत राम कटवाल ने शहीद लांस दफेदार बलदेव चंद शौर्य चक्र स्मारक का लोकार्पण किया। उन्होंने शहीद की वीरता और देश सेवा को नमन करते हुए कहा कि देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों का बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि शहीदों की स्मृतियां समाज और आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति तथा राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करती हैं। शहीद बलदेव चंद के नाम पर बनाया गया स्मारक भी युवाओं को देश के प्रति समर्पण और सेवा की प्रेरणा देता रहेगा। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शहीद की पत्नी शिवानी, उनके माता-पिता सहित क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने शहीद को याद करते हुए उनकी वीरता और बलिदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम में परमवीर चक्र विजेता संजय कुमार की विशेष उपस्थिति भी रही। उनकी मौजूदगी से कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई। इस अवसर पर हरवंश, अमरनाथ धीमान, रमेश और राजेश ढटवालिया सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में शहीद के बलिदान को याद करते हुए देश सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।