बंदला की पहाड़ियों और गोबिंद सागर झील के किनारे स्थित लुहणू क्रिकेट मैदान में रणजी ट्रॉफी मुकाबले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 18 से 21 अक्तूबर तक यहां हिमाचल प्रदेश और मुंबई की टीमों के बीच मुकाबला खेला जाएगा। पहले यह मैच धर्मशाला में प्रस्तावित था, लेकिन अब इसे बिलासपुर शिफ्ट कर दिया गया है। मैच की मेजबानी मिलने के बाद मैदान और इसके आसपास के परिसर को संवारने का काम किया जा रहा है। मैदान की बाउंड्री पर रंग-रोगन किया जा रहा है, जबकि परिसर के आसपास पौधरोपण सहित साफ-सफाई के कार्य भी किए जा रहे हैं। मुकाबले से पहले मैदान को बेहतर रूप देने और खिलाड़ियों के लिए उचित माहौल तैयार करने पर ध्यान दिया जा रहा है। चार दिन तक चलने वाले इस मुकाबले में हिमाचल की टीम अपने घरेलू मैदान पर मुंबई की टीम का सामना करेगी। लुहणू मैदान का रणजी क्रिकेट से पुराना नाता रहा है। यहां वर्ष 2001 में पहला रणजी मुकाबला खेला गया था। अब एक बार फिर बड़े घरेलू क्रिकेट मुकाबले की मेजबानी मिलने से बिलासपुर के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है। मैच के दौरान दर्शकों को मैदान पर रोमांचक क्रिकेट देखने का अवसर मिलेगा।