भराड़ी (बिलासपुर)। व्यवस्था परिवर्तन के माध्यम से सरकार की योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। अति निर्धन और जरूरतमंद परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना शुरू की है। यह बात नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने शनिवार को भराड़ी में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान कही। लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह भराड़ी में आयोजित कार्यक्रम में धर्माणी ने छह ग्राम पंचायतों कुठेड़ा मरहाणा, घंडालवीं, लैहड़ी सरेल, भराड़ी और लंझता से पहुंचे परिवारों से संवाद किया। उन्होंने लोगों को योजना के उद्देश्य, पात्रता और इसके तहत मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। साथ ही लोगों की समस्याएं और सुझाव भी सुने।