दिवाली की रात झंडूता उपमंडल के तहत ग्राम पंचायत औहर के कलर गांव में एक मकान में अचानक आग लग गई। आग की घटना से घर में रखी करीब डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। हालांकि, अग्निशमन विभाग की टीम ने समय रहते मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया और आसपास की करीब 40 लाख रुपये की संपत्ति को जलने से बचा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। अग्निशमन विभाग के लीडिंग फायरमैन भाग सिंह ने बताया कि रविवार रात 9 बजकर 29 मिनट पर मकान में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही उप अग्निशमन केंद्र झंडूता से चार कर्मचारियों की टीम अग्निशमन वाहन के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। उन्होंने बताया कि घटनास्थल अग्निशमन केंद्र से करीब 24 किलोमीटर दूर था। इसके बावजूद टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। दमकल कर्मियों की मुस्तैदी से आग को आसपास की संपत्ति तक फैलने से रोक दिया गया। लीडिंग फायरमैन के अनुसार आगजनी में करीब डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है, जबकि अग्निशमन विभाग की तत्परता से लगभग 40 लाख रुपये की संपत्ति सुरक्षित बचा ली गई।