बिलासपुर। त्योहारी सीजन के दौरान मिठाइयों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने घुमारवीं के घुमाणी चौक में निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान विभाग की टीम ने करीब 40 किलोग्राम मिठाइयों को नष्ट करवाया। इनमें लड्डू, नारियल बर्फी और चमचम सहित अन्य मिठाइयां शामिल रहीं। इसके अलावा अलग-अलग मिठाइयों के पांच नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान मिठाइयों की गुणवत्ता, रखरखाव और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पेड़ा, मिल्क केक, गुजिया, बेसन बर्फी और रसगुल्ले के एक-एक नमूने लिए गए। इन नमूनों को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद मिठाइयों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। विभाग की इस कार्रवाई से मिठाई विक्रेताओं में भी हलचल रही। त्योहारी सीजन में मिठाइयों की मांग बढ़ने के चलते विभाग की ओर से बाजारों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसका उद्देश्य लोगों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना है।