फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यमुनानगर: कुमारी शैलजा का भाजपा पर निशाना, बोलीं- सत्ता पक्ष सड़क पर उतरे तो समझो सरकार बैकफुट पर है

यमुनानगर। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं सिरसा से सांसद कुमारी शैलजा ने वीरवार को जगाधरी जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष नरपाल सिंह गुर्जर के कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में केंद्र और भाजपा सरकार पर निशाना साधा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के राहुल गांधी पर अराजकता फैलाने के आरोपों पर पलटवार करते हुए शैलजा ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष का काम सरकार को आइना दिखाना है। विपक्ष शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रख रहा है और यह उसका अधिकार है। सत्ता पक्ष ही सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने लगे तो समझ लेना चाहिए कि सरकार बैकफुट पर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी हिंसा का सहारा नहीं लिया। विपक्ष और मीडिया दोनों की लोकतंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार की कमियों को जनता के सामने रखना विपक्ष का दायित्व है। यदि कहीं हिंसा हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। शैलजा ने धनतेरस पर बाजार बंद कराने और यातायात रोकने को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस के प्रदर्शनों पर व्यापार प्रभावित होने की बात कही जाती थी, लेकिन अब खुद बाजार बंद करवाए जा रहे हैं। जब कांग्रेस ने लूटपाट या हिंसा नहीं की तो व्यापारियों को परेशान करने की क्या जरूरत थी। सांसद ने चुनाव में ईवीएम के इस्तेमाल पर संदेह जताते हुए बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग लोगों के मन में उठ रहे संदेह दूर करने में सफल नहीं रहा है। चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए। घुसपैठियों के मुद्दे पर उन्होंने केंद्र सरकार से पिछले 12 वर्षों में पकड़े गए घुसपैठियों का आंकड़ा सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने सवाल किया कि यदि 13 करोड़ से अधिक वोट काटे जाने की बात कही जा रही है तो सरकार बताए कि कितने घुसपैठियों की पहचान हुई और कितनों को देश से बाहर भेजा गया। इस मौके पर जिला ग्रामीण अध्यक्ष नरपाल सिंह गुर्जर, शहरी अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, प्रवीण राणा, परमजीत धीमान, अख्तर अली, गुलजार सिंह, वेद प्रकाश, मोनिका डुमरा, निर्मल चौहान, मिथलेश चौधरी, मोहन वर्मा, बलदेव श्योराण और देवेंद्र दादूपुर सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें