शहर के महाराणा प्रताप चौक पर बुधवार सुबह नाले में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सुबह के समय लोगों ने नाले में शव देखा तो तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। इसके बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से शव को नाले से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि शव बाहर निकालने के बाद पहचान के लिए चेहरे पर लगी गंदगी को पानी से साफ किया गया, लेकिन आसपास के लोग शव की शिनाख्त नहीं कर सके। आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति रात के समय नाले में गिर गया होगा। हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। डायल 112 की टीम ने मामले की सूचना संबंधित थाना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई और साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। मृतक ने चेकदार कमीज और लोअर पहन रखा था। पुलिस ने शव की पहचान करवाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। फिलहाल शव को शिनाख्त के लिए यमुनानगर के सिविल अस्पताल स्थित शवगृह में 72 घंटे के लिए रखवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।