यमुनानगर में मुकंद लाल नेशनल कॉलेज के पीछे जिम से बाहर निकलते समय ट्रांसपोर्ट और फाइनेंस का काम करने वाले हरभजन सिंह उर्फ यदि की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब हरभजन सिंह अपनी कार से जिम से बाहर आ रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने हरभजन सिंह के सिर पर कई गोलियां चलाईं। घटना स्थल से गोलियों के खोल भी बरामद हुए हैं। प्रेम नगर गली नंबर 5 निवासी हरभजन सिंह के दो बेटे हैं, जिनमें से एक दिलबाग है और दूसरा विदेश में रहता है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।