रक्षाबंधन पर्व को लेकर शहर के बाजारों में शनिवार को लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। सामान्य दिनों के मुकाबले सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ने से लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अधिक समय लगा। सुबह से ही बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ती गई। मिठाई की दुकानों से लेकर राखी और गिफ्ट की दुकानों तक ग्राहकों की भीड़ नजर आई। रक्षाबंधन को लेकर बहनें अपने भाइयों के लिए राखियां और मिठाई खरीदने पहुंचीं। वहीं कई लोग अपने परिजनों के लिए उपहार खरीदते भी नजर आए। बाजारों में बढ़ती भीड़ के कारण कई स्थानों पर यातायात धीमा रहा। दुकानों के आसपास वाहनों की संख्या अधिक होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। बूड़िया चुंगी और बूड़िया चौक पर भी दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही अधिक रही। यहां यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए बूड़िया थाना इंचार्ज जसपाल अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। पुलिस कर्मचारियों के साथ होमगार्ड के जवानों को भी यातायात व्यवस्था संभालने के लिए तैनात किया गया। चौकी इंचार्ज जसपाल ने बताया कि सामान्य दिनों की अपेक्षा रक्षाबंधन पर्व पर बाजारों और सड़कों पर अधिक भीड़ देखने को मिली। भीड़ को व्यवस्थित करने और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस कर्मचारियों तथा होमगार्ड जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस टीम लगातार प्रमुख स्थानों पर यातायात व्यवस्था पर नजर रख रही है। उन्होंने बताया कि लोगों का भी पुलिस को पूरा सहयोग मिल रहा है। बाजारों में दुकानों के आसपास बढ़ती भीड़ को देखते हुए आवश्यक स्थानों पर पुलिस और होमगार्ड जवानों की तैनाती की गई है, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो और लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना न करना पड़े। रक्षाबंधन के चलते शहर के बाजार देर शाम तक गुलजार रहे। मिठाई, राखी और उपहार की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ बनी रही। पुलिस की ओर से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी की गई।