दशहरे के अवसर पर जिला पुलिस की ओर से मंगलवार को सेक्टर-23 स्थित खेल मैदान में आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाया गया। साइबर थाने से एएसआई सतीश और सिपाही अंकित ने लोगों को साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताए। कार्यक्रम में ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, सोशल मीडिया पर सावधानी और मोबाइल गेमिंग के नाम पर होने वाली ठगी के बारे में जानकारी दी गई। बच्चों और युवाओं को विशेष रूप से अनजान लिंक पर क्लिक न करने, किसी के साथ निजी जानकारी साझा नहीं करने और ऑनलाइन लेन-देन करते समय सतर्क रहने की सलाह दी गई। पुलिसकर्मियों ने बताया कि साइबर अपराधी लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपने जाल में फंसाकर उनकी मेहनत की कमाई ठग लेते हैं। ऐसे में किसी भी अनजान कॉल, संदेश या लिंक पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है। साथ ही लोगों से अपील की कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाएं। समय पर शिकायत करने से ठगी की राशि को रोकने की संभावना बढ़ सकती है। पुलिस ने लोगों से स्वयं सतर्क रहने के साथ दूसरों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।