नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तले सफाई व दमकल कर्मियों ने नगर निगम कार्यालय के गेट पर एकत्रित होकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने रिमझिम बारिश के बीच काली पट्टी बांधकर सरकार से मांगों को पूरा करने की मांग की। इस दौरान उन्होंने उप निगम आयुक्त हरदीप सिंह को शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल के नाम ज्ञापन सौंपा। संघ के प्रेस सचिव राजीव खत्री ने बताया कि सफाई व दकम कर्मचारियों की वर्षों से लंबित मांगों को लेकर अब आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मांगों के समाधान के लिए कई बार पत्राचार किया, वार्ताएं हुईं। आश्वासन मिलने के बाद भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इससे कर्मचारियों में आक्रोश है और अब वह पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। इकाई प्रधान भारत कंडेरा ने कहा कि सरकार ने कई बार मौखिक आश्वासन दिए, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं हुआ। इस दौरान दीपक बोहत, विशाल, सन्नी, त्रिलोक, भारत बोहोत, कमलेश, बबीता, कांता सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहे। आंदोलन के लिए तैयार की रूपरेखा 20 व 21 अगस्त को सभी पालिकाओं, परिषदों, निगमों व दमकल विभाग के कर्मचारी क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठेंगे। 10 व 11 सितंबर को प्रदेश भर के विधायकों को मांगपत्र सौंपे जाएंगे। 26 सितंबर को उपायुक्त कार्यालय पर एक दिवसीय धरना व प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। 18 अक्तूबर को मुख्यमंत्री के कुरुक्षेत्र स्थित कैंप कार्यालय पर धरना दिया जाएगा।