मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में भाग लेने पंचायत भवन पहुंचे। परिसर में शिकायत देने वालों का तांता लग गया। कई शिकायतकर्ताओं को अंदर प्रवेश नहीं मिलने के कारण वे भवन के पार्क में खड़े रहे। मुख्यमंत्री ने अंदर जाने से पहले पार्क में मौजूद लोगों की शिकायतें स्वयं सुनी और सभी को समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद गेट पर भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। कुछ शिकायतकर्ता अपनी शिकायतें सौंप नहीं सके, क्योंकि मुख्यमंत्री बैठक के लिए आगे बढ़ गए। इस दौरान आईटीआई तथा पॉलीटेक्निक पास युवाओं का एक बड़ा समूह पहुंचा। उन्होंने एएलएम, एसई, जेई आदि पदों पर नियमित भर्ती निकालने की मांग की। उनका आरोप था कि एचकेआरएन के तहत उनके हक छीने जा रहे हैं। वहीं जेबीटी व एचटेट पास अभ्यर्थी भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने शिक्षक भर्ती निकालने की मांग दोहराई और कहा कि 2012 के बाद से कोई भर्ती नहीं हुई है। शिकायतकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री से त्वरित कार्रवाई की अपील की।