फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रेवाड़ी नाई वाली चौक पर युवक पर जानलेवा हमला, दूसरा आरोपी गिरफ्तार

सुनील कुमार Updated Tue, 01 Sep 2026 05:21 PM IST

रेवाड़ी। शहर के नाई वाली चौक पर युवक और उसके दोस्त पर हॉकी से जानलेवा हमला करने तथा दहशत फैलाने के मामले में सीआईए ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। शहर के मोहल्ला नई बस्ती निवासी भारत उर्फ छोटू के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल हॉकी और बाइक बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने धारूहेड़ा चुंगी निवासी प्रवीण उर्फ मिया को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। एसपी कार्यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, 28 अगस्त को विनय कुमार निवासी तरमऊ गढ़ी, जिला कन्नौज, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी मोहल्ला रामबास, अपने दोस्त मनोज के साथ नाई वाली चौक पर खड़ा था। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपियों ने बाइक घुमाकर दोनों पर हॉकी से हमला कर दिया। हमले में विनय को गंभीर चोटें आईं और उसके शरीर में कई फ्रैक्चर हुए। उसका उपचार नोएडा के अस्पताल में चल रहा है। इस दौरान आरोपियों ने राहगीरों की गाड़ियों पर भी हॉकी से वार किए। भीड़ जुटने पर दोनों मौके से फरार हो गए। सीआईए प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि भारत उर्फ छोटू को सोमवार को गिरफ्तार किया गया। मंगलवार को उसे घटनास्थल पर ले जाकर मौका-ए-वारदात की तस्दीक कराई गई। आरोपी हत्या के मामले में जेल में बंद था और करीब एक माह पहले जमानत पर बाहर आया था। उसके खिलाफ इसके बाद तीन अन्य मामले भी दर्ज हुए हैं। पुलिस के मुताबिक वारदात में तीन आरोपी शामिल थे। तीसरा आरोपी मनीष फिलहाल किसी अन्य विवाद में घायल होने के कारण अस्पताल में भर्ती है। उसके स्वस्थ होने पर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें