रेवाड़ी। तंबाकू का सेवन करने वाला व्यक्ति ही नहीं, बल्कि उसके आसपास रहने वाले लोग भी इसके धुएं से प्रभावित होते हैं। तंबाकू का धुआं सांस के माध्यम से दूसरे लोगों के शरीर में पहुंचकर उनके स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकता है। यह बात तंबाकू मुक्त अभियान के जिला नोडल अधिकारी डॉ. मीत वर्मा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरपुर में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान कही। इस दौरान डॉ. मीत वर्मा ने स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों और उपचार के लिए पहुंचे मरीजों को तंबाकू का सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई। उन्होंने तंबाकू से होने वाले नुकसान की जानकारी देते हुए कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है और इसके धुएं से आसपास के लोग भी प्रभावित होते हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षण संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री करना दंडनीय अपराध है। यदि कोई व्यक्ति इस नियम का उल्लंघन करता है तो इसकी सूचना देकर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करवाई जा सकती है। डॉ. वर्मा ने युवाओं को तंबाकू से दूर रखने का आह्वान करते हुए कहा कि परिवार और समाज को मिलकर इस दिशा में प्रयास करने चाहिए, ताकि स्वस्थ युवा और तंबाकू मुक्त भारत का निर्माण हो सके। इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. सरोज रंगा, डॉ. मेघा, डॉ. कपिल सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी और मरीज मौजूद रहे।