पानीपत। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आईईसी अभियान के तहत वीरवार को एचआईवी, एसटीआई और टीबी के खिलाफ बाइक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का मुख्य उद्देश्य जिले में एचआईवी के संक्रमण को नियंत्रित करने, टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को नशे व जोखिमपूर्ण व्यवहार से दूर रखने का संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के बड़े भाई हरपाल ढांडा ने रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। सीएमओ डॉ. विजय मलिक ने बताया कि रैली में विभिन्न कॉलेजों के विद्यार्थियों और रेड रिबन क्लब के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। युवाओं ने एचआईवी, टीबी और एसटीआई से बचाव, सुरक्षित व्यवहार, समय पर जांच और नशे से दूर रहने से संबंधित संदेशों वाली तख्तियां एवं बैनर प्रदर्शित किए। विद्यार्थियों की भागीदारी ने रैली को विशेष रूप से युवा-केंद्रित स्वरूप प्रदान किया। जिला एड्स नियंत्रण अधिकारी डॉ. लाभ सिंह ने बताया कि रैली के माध्यम से युवाओं को विशेष रूप से इंजेक्शन द्वारा किए जाने वाले नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। असुरक्षित तरीके से सुई साझा करना एचआईवी संक्रमण के महत्वपूर्ण जोखिम कारकों में से एक हो सकता है। वहीं रैली में टीबी के लक्षण, समय पर जांच, उपचार एवं उपचार पूरा करने के महत्व के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया। लगातार खांसी, बुखार, रात में पसीना आना अथवा वजन कम होना जैसे लक्षण होने पर समय पर स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करवाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर एसडीएम मनदीप उपस्थित रहे।