फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पानीपत में 2500वां अभिग्रह महोत्सव आयोजित में जैन संत ने दिया नशा मुक्त समाज का संदेश

सेक्टर-25 स्थित ओरेलिया बैंक्वेट हॉल में जैन संत डॉ. राजेश मुनि महाराज के 2500वें ऐतिहासिक अभिग्रह महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। शुक्रवार सुबह नौ बजे शुरू हुए कार्यक्रम में धार्मिक निष्ठा के साथ सामाजिक सुधार का अनूठा संगम देखने को मिला। महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया गया। प्रदेश के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल और शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, नशा मुक्ति अभियान के विशेष सत्र में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। जैन संत डॉ. राजेश मुनि ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के शरीर और विवेक को नष्ट करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज की नींव को भी कमजोर कर देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशीले पदार्थों से दूर रहकर संयमित, अनुशासित और संस्कारयुक्त जीवन अपनाएं। कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों ने जैन संत के इस प्रयास की सराहना की। शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा और निकाय मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि संतों के सानिध्य और मार्गदर्शन से ही समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है। विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कहा कि सरकार और समाज जब मिलकर नशा मुक्ति जैसे अभियानों को आगे बढ़ाएंगे, तभी एक स्वस्थ और समृद्ध हरियाणा का निर्माण होगा। महोत्सव के अंत में उपस्थित सभी लोगों को जीवन में कभी नशा न करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में शहर के अनेक गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें