पानीपत। अनन्त हेल्प फाउंडेशन द्वारा असंध रोड मदान अस्पताल में विश्व ह्रदय दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को हार्ट केयर कैंप लगाया गया। शिविर में हर वर्ग के लगभग 200 मरीजों की निशुल्क जांच कर उपचार व परामर्श दिया गया। कैंप के दौरान मरीजों के बीपी, ईसीजी, ब्लड शुगर, बीएमआई और एचबी की जांच की गई। इमरजेंसी मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. अनन्त ने अपनी सेवाएं देते हुए मरीजों को परामर्श दिया। डॉ. अनन्त ने बताया कि उचित समय पर सही जांच, मार्गदर्शन और इलाज से अनेकों मरीजों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने उपस्थित लोगों को सही खान-पान, नियमित व्यायाम, परहेज और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के प्रति जागरूक किया। महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. निधि मदान ने शिविर में आए सभी मरीजों को स्वस्थ आहार के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि गर्भवती को अपनी सेहत का ध्यान रखना चाहिए। उनको खान-पान के साथ अच्छा लाइफ स्टाइल भी अपनाना चाहिए। शिविर में आए लोगों को डाइट चार्ट समझाया। डॉ. अनन्त ने गंभीर स्थिति वाले कई मरीजों की जांच कर उन्हें उचित चिकित्सकीय सलाह दी।