पलवल जिले में सोमवार सुबह हुई बारिश ने किसानों और आढ़तियों की परेशानी बढ़ा दी। पलवल और होडल की अनाज मंडियों में जलभराव के कारण खुले में रखा धान और बाजरा भीग गया। पलवल अनाज मंडी में कई जगह धान की ढेरियां और बोरियों में भरा धान बारिश की चपेट में आया। सुबह 11 बजे तक मंडी परिसर में पानी जमा था और मार्केट कमेटी कार्यालय के बाहर भी जलभराव दिखाई दिया। बारिश के बाद मंडी में फसल को सुरक्षित रखने और पानी की निकासी को लेकर इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं। किसानों को गीले धान की गुणवत्ता खराब होने और उचित भाव नहीं मिलने की चिंता सता रही है। किसानों के अनुसार, 1509 किस्म के धान के भाव पहले 3700 रुपये प्रति क्विंटल से अधिक थे, जो बारिश के बाद घटकर करीब 3400 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गए हैं। किसानों का कहना है कि फसल उगाने में मेहनत और लागत लगाने के बाद बारिश से नुकसान होना दोहरी मार है। समय पर पानी निकासी और फसल को सुरक्षित रखने के इंतजाम होते तो नुकसान कम किया जा सकता था।