नारनौल। रोडवेज बस में चंद रुपये बचाने के चक्कर में बिना टिकट सफर करना यात्रियों को भारी पड़ रहा है। पकड़े जाने पर 500 रुपये तक का जुर्माना देना पड़ता है और गंतव्य तक की टिकट भी अलग से लेनी होती है। इसके चक्कर में इस साल अक्टूबर तक 2,235 यात्रियों से 9,32,960 रुपये जुर्माना वसूला जा चुका है। इस साल अब तक जुर्माना साल 2024 व 2025 में वसूले गए जुर्माने से अधिक है और अभी दो माह शेष हैं, ऐसे में ये राशि और बढ़ने की संभावना है। रोडवेज की फ्लाइंग टीम ने जुलाई में सबसे अधिक 1,14,200 रुपये का जुर्माना वसूला गया जबकि अक्तूबर में सबसे कम 70,240 रुपये की वसूली हुई। विभाग लगातार बसों की जांच कर रहा है, ताकि यात्री टिकट लेकर ही सफर करें। बिना टिकट पकड़े जाने पर यात्रियों को आर्थिक नुकसान के साथ परेशानी भी उठानी पड़ती है। वहीं, जुर्माने से मिलने वाली राशि सरकारी खजाने में जमा कराई जाती है। जरूरत के अनुसार इस राशि का उपयोग डिपो में होने वाले विभिन्न कार्यों में किया जाता है। तीन टीमें कर रही जांच: नारनौल डिपो की तीन फ्लाइंग टीमें अलग अलग स्थानों पर रोडवेज बसों की जांच कर रही हैं। इस दौरान बगैर टिकट पाए जाने वाले यात्री से 500 रुपये बतौर जुर्माना वसूल किया जाता है और जहां तक यात्री जाना चाहता है, वहां तक की टिकट जुर्माना वसूले जाने वाले स्थान से बनाई जाती है। वर्जन: बगैर टिकट यात्रा करते पाए जाने पर आपका ही आर्थिक नुकसान होगा। साथ ही जांच के दौरान समय की बर्बादी भी झेलनी पड़ती है। जिले में तीन अलग अलग टीमें समय समय पर बसों को चेक कर रही हैं। आमजन से अपील है कि हमेशा टिकट खरीदकर यात्रा करें व आर्थिक नुकसान से बचें। - ब्रह्मप्रकाश, मुख्य निरीक्षक, रोडवेज डिपो, नारनौल।