नारनौल। बैजनाथ चौधरी राजकीय महिला महाविद्यालय में बुधवार को नौवीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हुआ। इस अवसर पर माउंट एवरेस्ट विजेता डॉ. आशा झांझरिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। प्रतियोगिता में महिमा को सर्वश्रेष्ठ एथलीट का खिताब दिया गया। महिमा ने ऊंची कूद, डिस्कस थ्रो और 100 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें 2500 रुपये की पुरस्कार राशि और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। 800 मीटर दौड़ में वंदना, ज्योति और पूजा ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। लंबी कूद में मोनिका, वंदना और पलक विजेता रहीं। डिस्कस थ्रो में पुष्पा, नचिता और महिमा ने स्थान प्राप्त किया। जैवलिन थ्रो में नचिता, महिमा और मोनिका ने जीत दर्ज की। अन्य विजेता खिलाड़ियों को 1500 रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अनीता तंवर ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन और टीम भावना विकसित करते हैं। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया। खेल इंचार्ज रितेश भारद्वाज और रमन ने प्रतियोगिताएं सुनियोजित ढंग से संपन्न करवाईं। डॉ. आशा झांझरिया ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि हर इंसान के अंदर कोई न कोई प्रतिभा छिपी होती है। उन्होंने कहा आपके सपने आपकी पहचान बन सकते हैं, बस उन्हें पूरा करने का साहस आपके अंदर होना चाहिए। झांझरिया ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि ऊंचाइयों तक पहुंचने का रास्ता आसान नहीं होता। उन्होंने छात्राओं से जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर ईमानदारी और आत्मविश्वास से आगे बढ़ने का आह्वान किया। प्राचार्या डॉ. अनीता तंवर ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करते हैं। इस अवसर पर डाॅ. मनोज, डाॅ. हरनाम, ममता बायला, कुलदीप, रणबीर, डाॅ. पूनम तंवर, डाॅ. सुशीला सहित समस्त महाविद्यालय स्टाफ और छात्राएं मौजूद रही।