करनाल। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की करनाल में होने वाली ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को लेकर कार्यक्रम स्थल पर भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। सुबह से ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। भीड़ बढ़ने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था भी सख्त कर दी गई है। सेक्टर-12 मॉल के पास कार्यक्रम स्थल में प्रवेश के लिए तीन लेयर की सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षा जांच के बाद ही आगे जाने दिया जा रहा है। पहली सुरक्षा लेयर पर ही लोगों को रोककर जांच की जा रही है। इसके बाद अगली लेयर से गुजरने पर ही कार्यक्रम स्थल तक प्रवेश मिल रहा है। गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सुबह 11 बजे सेक्टर-12 मॉल के पास से पदयात्रा शुरू करेंगे। करीब 100 मीटर पैदल चलने के बाद वह लघु सचिवालय के सामने से होते हुए टी-प्वाइंट पहुंचेंगे। यहां ट्राले पर बनाए गए विशेष मंच से जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम को देखते हुए शहर के छह प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित किया गया है। रिपोर्ट: गगन तलवार करनाल