फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बसों में भीड़ बनी परेशानी, सीट के लिए करना पड़ा इंतजार

करनाल। भाई दूज पर घर पहुंचने की जल्दी यात्रियों के लिए परेशानी बन गई। बस अड्डे पर बस पहुंचते ही यात्रियों की भीड़ उसकी ओर दौड़ पड़ती। किसी ने खिड़की पकड़कर बस में चढ़ने की कोशिश की तो कोई छत पर सवार हो गया। कई यात्रियों ने खिड़की और दरवाजे पर लटककर सफर किया। त्योहार पर अपनों तक पहुंचने की जल्दबाजी में लोगों ने सुरक्षा को भी ताक पर रख दिया। पुराना बस अड्डा हो या नेशनल हाईवे-44 के चौराहे, हर तरफ यात्रियों की भीड़ और बसों के इंतजार में खड़े लोग नजर आए। रोडवेज की ओर से बुधवार को सभी 178 बसों का संचालन किया गया। निजी परिवहन समितियों की 100 बसें भी मार्गों पर दौड़ीं। इसके बावजूद यात्रियों की संख्या के आगे इंतजाम कम पड़ गए। बसों में सीट मिलना तो दूर, खड़े होने की जगह पाना भी मुश्किल रहा। बस आते ही यात्री बिना यह देखे चढ़ने के लिए दौड़ते कि वह उनके गंतव्य की है भी या नहीं। कई लोग बसों की छत पर बैठकर कई किलोमीटर तक गए। यह स्थिति परिवहन व्यवस्था पर सवाल खड़े करती रही। बसों में जगह नहीं मिली तो लोगों ने निजी वाहनों का सहारा लिया। इससे शहर के प्रमुख मार्गों और नेशनल हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। कई जगह जाम लगा रहा। इसमें वाहन चालकों के साथ राहगीरों को भी घंटों परेशानी झेलनी पड़ी। त्योहार पर घर पहुंचने की खुशी के बीच लोगों का काफी समय सड़क पर ही बीत गया। टैक्सी चालकों ने दोगुना वसूला किराया बसों में जगह नहीं मिलने का फायदा टैक्सी चालकों ने भी उठाया। सामान्य दिनों में करीब 150 रुपये प्रति सवारी के हिसाब से चलने वाली टैक्सियों में 300 से 500 रुपये तक किराया मांगा गया। अंबाला जाने वाली संजना, शिखा और राजू ने बताया कि उन्हें निर्मल कुटिया चौक पर करीब आधा घंटा इंतजार करना पड़ा। इसके बाद टैक्सी मिली, जिसमें 120 रुपये प्रति सवारी किराया लिया गया। उन्होंने बताया कि बसों और टैक्सियों दोनों में भीड़ थी। ऐसे में मजबूरी में निजी वाहन का सहारा लेना पड़ा। वर्जन दिवाली और भाई दूज पर यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए कर्मचारियों की छुट्टियां रद की गई थीं। रोडवेज बसों ने अतिरिक्त फेरे भी लगाए। भाई दूज के दिन बसों का संचालन देर रात तक किया गया, ताकि यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके। - कुलदीप सिंह, जीएम रोडवेज

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें