हांसी रोड स्थित भगवारिया गैस एजेंसी पर गैस सिलेंडर की किल्लत के चलते उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पिछले दो दिनों से गैस की सप्लाई बाधित रहने के कारण मंगलवार सुबह से ही एजेंसी के बाहर लंबी-लंबी कतारें लग गईं। लोग सुबह तड़के ही खाली सिलेंडर लेकर लाइन में लग गए और अपनी बारी का इंतजार करते रहे। कई उपभोक्ता घंटों तक धूप में खड़े रहे, जबकि कुछ लोग बैठने की व्यवस्था भी साथ लेकर पहुंचे। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस की गाड़ियां समय पर नहीं पहुंच रहीं, जिससे उन्हें बार-बार एजेंसी के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। कई मामलों में लोग बिना सिलेंडर लिए ही वापस लौटने को मजबूर हो रहे हैं, जिससे उनमें नाराजगी बढ़ रही है।