जिले को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत कैथल पुलिस ने शुक्रवार सुबह चीका क्षेत्र के गांव कल्लर माजरा में संदिग्ध नशा तस्करों के ठिकानों पर विशेष कॉम्बिंग अभियान चलाया। डीएसपी गुहला हरदीप सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में करीब 100 पुलिसकर्मी शामिल रहे। 10 टीमों ने स्निफर डॉग की मदद से संदिग्ध नशा तस्करों के करीब 20 घरों और अन्य स्थानों की तलाशी ली। अभियान में चीका थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश चंद्र और सीआईए गुहला की टीमें भी शामिल रहीं। पुलिस ने जांच की कि कहीं किसी स्थान पर मादक पदार्थ छिपाकर तो नहीं रखे गए हैं और कोई व्यक्ति नशा तस्करी जैसी गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल तो नहीं है। डीएसपी हरदीप सिंह ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक नशा तस्करी के 195 मामले दर्ज कर 313 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने लोगों से नशा तस्करी की सूचना पुलिस को देने की अपील की और कहा कि सूचना देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी।