सफीदों। गांव हाट स्थित 33 केवी बिजली घर में 16 सितंबर की रात अधिवक्ता प्रवीण कुमार बूरा के साथ कथित मारपीट के मामले में सोमवार को नौवें दिन किसानों और ग्रामीणों का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। सैंकड़ों ट्रैक्टरों, वाहनों और बाइकों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण गांव हाट के धरना स्थल से उपमंडल परिसर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से आरोपी की गिरफ्तारी समेत अपनी मांगें पूरी करने की मांग की। भीड़ को देखते हुए उपमंडल परिसर में पुलिस बल तैनात रहा। किसान सुबह करीब साढ़े 10 बजे गांव हाट से रवाना हुए। इसके बाद पुरानी अनाज मंडी में एकत्रित होकर ट्रैक्टरों, वाहनों और बाइकों के साथ पैदल शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए उपमंडल परिसर पहुंचे। मुख्य गेट पर पुलिस ने बैरिकेडिंग की थी, लेकिन प्रदर्शनकारियों की संख्या अधिक होने पर बैरिकेडिंग हटा दी गई। एसडीएम और डीएसपी कार्यालय के सामने पुलिसकर्मियों की कतार लगाई गई। इसके बाद किसान और ग्रामीण शांतिपूर्वक परिसर में धरने पर बैठ गए। किसान नेताओं ने प्रशासन पर लगाया देरी का आरोप, एसडीएम-डीएसपी और बिजली निगम अधिकारियों ने सुनीं मांगें। धरने में भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष रतन सिंह मान, सुरेश कोंथ, छाजू राम कंडेला, बारू राम और नवीन मलिक समेत अन्य नेताओं ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी में जानबूझकर देरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। किसानों ने विधायक पर आरोपी को संरक्षण देने के आरोप भी लगाए, हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई। प्रदर्शनकारियों के बीच डीएसपी गौरव शर्मा, एसडीएम पुलकित मल्होत्रा और बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता अमित कुमार पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों की मांगें सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया। बाक्स डीएसपी बोले- शाम तक का समय दें, आरोपी को करेंगे गिरफ्तार बिजली निगम ने कर्मचारियों के तबादले और आपूर्ति में सुधार का दिया भरोसा, ढाई बजे समाप्त हुआ धरना। डीएसपी गौरव शर्मा ने कहा कि आरोपी को विधायक के दबाव में छिपाकर रखने के आरोप निराधार हैं। उन्होंने कहा कि वह भी परिवार और बच्चों वाले हैं और किसानों को भरोसा दिलाते हैं कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए शाम तक का समय दिया जाए। बाक्स कार्यकारी अभियंता अमित कुमार ने कहा कि हाट बिजली घर की क्षमता बढ़ाने के लिए उच्च अधिकारियों को फाइल भेज दी गई है। गांव में पर्याप्त बिजली आपूर्ति और जगमग योजना के तहत 24 घंटे बिजली देने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। उन्होंने बिजली घर में तैनात कर्मचारियों के तबादले का भी आश्वासन दिया। बाक्स सफीदों बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान रमेश कुमार ने कहा कि अधिवक्ता प्रवीण बूरा को न्याय मिलने और आरोपी की गिरफ्तारी तक बार एसोसिएशन का वर्क सस्पेंड जारी रहेगा। प्रदर्शन के कारण शहर के कई मार्गों पर जाम लगा रहा। प्रशासन के आश्वासन के बाद करीब ढाई बजे किसानों ने धरना समाप्त कर दिया। धरना समाप्त होने के करीब एक घंटे बाद यातायात सामान्य हुआ। इसके तुरंत बाद तेज बारिश शुरू हो गई।