जींद। रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न करवाने के लिए पुलिस ने जिलेभर में विशेष सुरक्षा प्रबंध किए हैं। एसपी कुलदीप सिंह के दिशा-निर्देशन में सभी डीएसपी और थाना प्रबंधकों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लगातार पुलिस गश्त और निगरानी की जा रही है। रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाएं खरीदारी के लिए बाजारों में पहुंचती हैं और भाइयों को राखी बांधने के लिए बसों व अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों से यात्रा करती हैं। महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भीड़भाड़ वाले बाजारों, बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों की अलग से तैनाती की गई है। ये पुलिसकर्मी निगरानी रखने के साथ किसी महिला को परेशानी होने पर तत्काल सहायता उपलब्ध करवाएंगी। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने और निर्धारित गति से वाहन चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जींद पुलिस त्योहार के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दें। बॉक्स यातायात व्यवस्था पर भी नजर त्योहार के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस की अलग से तैनाती की गई है। प्रमुख चौराहों, बाजारों और अधिक भीड़ वाले मार्गों पर यातायात व्यवस्था की निगरानी की जाएगी, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। पुलिस ने जुलाना, नरवाना, उचाना और सफीदों सहित जिले के सभी क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त के साथ वाहन गश्त भी बढ़ाई गई है। पुलिस टीमें संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखेंगी। वर्जन लोगों से ऑनलाइन खरीदारी के दौरान भी सतर्क रहने की अपील की गई है। किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, क्योंकि साइबर अपराधी ठगी के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। बाजार में खरीदारी करते समय अपने सामान और कीमती वस्तुओं का ध्यान रखें तथा संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। --कुलदीप सिंह, एसपी जींद