संविधान दिवस पर पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कर शपथ ली। जिले के सभी थानों और पुलिस कार्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान पुलिसकर्मियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक आदर्शों और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। एसपी उपासना के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान की उद्देशिका पढ़ी। वहीं, सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने थानों में पुलिसकर्मियों के साथ शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया। एसपी उपासना ने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की आधारशिला है। यह नागरिकों को अधिकार देने के साथ उनके कर्तव्यों का भी बोध कराता है। प्रत्येक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी का दायित्व है कि वह संविधान की भावना के अनुरूप निष्पक्षता, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ काम करे। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य आमजन की सुरक्षा करना, कानून एवं व्यवस्था बनाए रखना और प्रत्येक नागरिक को न्याय दिलाने में सहयोग करना है। पुलिसकर्मियों को अपने व्यवहार और कार्यशैली में संवैधानिक आदर्शों को अपनाना चाहिए। इससे मजबूत, न्यायपूर्ण और लोकतांत्रिक समाज के निर्माण में मदद मिलेगी।