बहादुरगढ़। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना दिवस एवं विजयादशमी के अवसर पर बहादुरगढ़ के दोनों नगरों के छह उपनगरों में 10 कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें शस्त्र पूजन और पथ संचलन के कार्यक्रम हुए। आयोजन में करीब 248 पूर्ण गणवेशधारी स्वयंसेवकों और 97 अन्य लोगों ने सहभागिता की। शिवाजी नगर का विजयादशमी कार्यक्रम वैश्य कन्या आर्य महाविद्यालय के नजदीक शिव मंदिर (बगीची) में हुआ। इसमें बाजे भगत धर्मशाला (सेन समाज) के प्रधान जयभगवान, पं. लखमीचंद धर्मशाला, बराही फाटक और ओम गार्डन, बराही रोड से जुड़े अतिथियों की उपस्थिति रही। वक्ता के रूप में डॉ. रविप्रभात, दीपक श्रीवास्तव और मनोज सेठी ने विचार रखे। इस कार्यक्रम में करीब 127 लोगों ने भाग लिया, जिनमें लगभग 70 स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में शामिल हुए। विवेकानंद नगर में कसार, ओमेक्स, सेक्टर-2, सेक्टर-6, सेक्टर-7, दयानंद नगर, किला मोहल्ला और बालौर सहित विभिन्न स्थानों पर शस्त्र पूजन हुआ। सेक्टर-6-7 और दयानंद नगर में पथ संचलन निकाला गया। इन कार्यक्रमों में करीब 117 पूर्ण गणवेशधारी स्वयंसेवकों और 68 से अधिक अन्य लोगों ने सहभागिता की। सेक्टर-6-7 के कार्यक्रम की अध्यक्षता वायुसेना से सेवानिवृत्त विजय कलीरामना ने की। वह जन रक्षा मंच हरियाणा के प्रधान और एक्स एयरमैन वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा के उपाध्यक्ष हैं। यहां वक्ता भास्कर ने विचार रखे। वक्ताओं ने विजयादशमी को सत्य, न्याय, धर्म और राष्ट्र चेतना का पर्व बताते हुए शुभकामनाएं दीं। बौद्धिक में कहा गया कि भगवान श्रीराम की रावण पर विजय और मां दुर्गा द्वारा महिषासुर वध अधर्म पर धर्म की जीत का संदेश देते हैं। वक्ताओं ने सामाजिक समरसता, स्वदेशी, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्यों और पारिवारिक संस्कारों को मजबूत करने का आह्वान किया। जिला प्रचार प्रमुख झज्जर दीपक श्रीवास्तव ने संगठित, स्वावलंबी और स्वाभिमानी भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया।