गांव बादली स्थित दादा सारंग देव मंदिर के पुनर्निर्माण की नींव रविवार, 20 सितंबर को रखी जाएगी। कार्यक्रम को लेकर आयोजन कमेटी ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। करीब चार करोड़ रुपये की लागत से होने वाले मंदिर पुनर्निर्माण के नींव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम के दौरान आयोजित होने वाले भंडारे के लिए करीब एक लाख श्रद्धालुओं के प्रसाद की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं के लिए विशेष मीठा गुलदाना तैयार किया जा रहा है, जिसके लिए 28 क्विंटल चीनी का प्रबंध किया गया है। गुलदाना बनाने के लिए कढ़ाई चढ़ाकर काम शुरू कर दिया गया है। आयोजन कमेटी की बैठक भी हो चुकी है और सदस्यों ने अपनी-अपनी जिम्मेदारियां संभाल ली हैं। कमेटी के सदस्य भंडारे, प्रसाद वितरण और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।