झज्जर। विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत जिन लोगों ने अपने वोट दूसरी जगह शिफ्ट करवाने हैं, इन दिनों वह परेशान हैं। वह वोट शिफ्टिंग को लेकर बीएलओ के पास फार्म भरकर जा रहे हैं, लेकिन उनके वोट शिफ्ट नहीं किए जा रहे। बीएलओ की तरफ से मतदाताओं को बताया जा रहा है कि वह अपने वार्ड व मकान के नंबर वाले दस्तावेज लेकर आए। जब मतदाता अपने दस्तावेज लेकर बीएलओ के पास जाता है तो किसी भी दस्तावेज में वार्ड और मकान के नंबर चढे़ नहीं मिलते। इस कारण उनकी वोट शिफ्टिंग की आनलाइन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही। ऐसे मतदाताओं को बीएलओ चुनाव कार्यालय भेज रहे हैं। इस कारण मतदाताओं को इन दिनों परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वह कभी बीएलओ के पास तो कभी चुनाव कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। बीएलओ के पास ऐसे कई केस आ चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं हो पा रहा है। हालांकि बीएलओ को दिए गए मोबाइल एप में इसका समाधान दिया गया है, लेकिन उसके बावजूद कई बीएलओ उसका प्रयोग करने की बजाय मतदाताओं को चुनाव कार्यालय भेज रहे हैं। बीएलओ से मोबाइल एप में वोट शिफ्ट करने के दौरान मतदाता का पुराना व नए वाला एड्रेस का मकान नंबर मांगा जाता है। यदि किसी मतदाता के पास मकान नंबर नहीं है तो बीएलओ नोशनल नंबर डालकर उसकी पहचान कर सकता है। यह इसलिए जरूरी है, क्योंकि चुनाव आयोग ने शून्य मकान नंबर को डालने से मना किया हुआ है। ऐसे में कई बीएलओ नोशनल नंबर नहीं डाल रहे हैं।