झज्जर। सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चल रही सेवा ज्योति यात्रा बुधवार शाम याकूबपुर स्थित रिलायंस मेट सिटी पहुंची। यहां पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ और डीसी वर्षा खांगवाल ने यात्रा का स्वागत किया और ज्योति मशाल को चौक पर स्थापित किया। इस दौरान पूर्व मंत्री ने मेट सिटी सेक्टर आठ में सेवा ज्योति चौक का पूजा अर्चना कर नमो सेवा ज्योति चौक का शिलान्यास किया। पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने मुख्य रूप से उपस्थित लोगों को सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति में सेवा का भाव सदियों से रचा-बसा है। सेवा केवल जरूरतमंद की सहायता करने तक सीमित नहीं है बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना भी सेवा है। सेवा संकल्प अभियान इसी परंपरा को आधुनिक भारत के विकास से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास है। डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलाभर में 17 अक्टूबर तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान का उद्देश्य सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करते हुए समाज के सभी वर्गों को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना है। इस अवसर पर रिलायंस मेट सिटी के निदेशक बल्लभ गोयल, सीईओ मनीष जायसवाल, कप्तान बिरधाना, संजय कबलाना, आंनद सागर, मनीष बंसल, एसडीएम बादली विशाल कुमार मौजूद रहे।