फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बहादुरगढ़ शिवा मार्केट में दुकानों पर कब्जे और फर्जी दस्तावेजों का आरोप, दुकानदारों ने दी बाजार बंद करने की चेतावनी

बहादुरगढ़। शहर के मेन बाजार स्थित शिवा मार्केट में दुकानों पर कथित अवैध कब्जे और फर्जी दस्तावेजों के जरिये दुकानों को ट्रांसफर कराने का मामला सामने आया है। इस मामले में वीरवार को मार्केट के कई दुकानदारों ने एकजुट होकर पत्रकार वार्ता की और मामले में जल्द न्यायोचित कार्रवाई की मांग की। दुकानदारों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे मार्केट बंद कर विरोध जताएंगे। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि शिवा मार्केट में लोग पिछले 25 से 30 वर्षों से दुकानें कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। अब कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा दुकानों पर नाजायज कब्जे किए जा रहे हैं। आरोप है कि फर्जी हस्ताक्षर और जाली दस्तावेज तैयार कर दुकानों को अवैध तरीके से ट्रांसफर कराया जा रहा है। दुकानदारों के अनुसार हाल ही में तीन दुकानदारों के साथ इस तरह की घटना हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि वक्फ बोर्ड की मिलीभगत के बिना इस प्रकार का फर्जीवाड़ा संभव नहीं है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के साथ वक्फ बोर्ड की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की। दुकानदार संजीव भाटिया ने बताया कि उन्होंने करीब 30 वर्ष से बोर्ड से लीज पर दुकान ले रखी है। कुछ समय पहले दुकान एक परिचित को किराये पर दी थी। आरोप है कि उसने फर्जी दस्तावेजों के जरिये बोर्ड की मिलीभगत से दुकान के दस्तावेज अपने नाम करा लिए। उन्होंने बताया कि मामले को लेकर मुख्यमंत्री, अपराध जांच शाखा, पुलिस और तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी गई है। दुकानदार निखिल ने आरोप लगाया कि अप्रैल में जाली दस्तावेजों के आधार पर उनकी दुकान का मीटर बदल दिया गया। इसके बाद दुकान का ताला भी बदल दिया गया। उन्होंने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी, लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं हुई। दुकानदार विनोद शर्मा, मुकेश कुमार, निखिल, चिराग परूथी, धीरज शर्मा, रोहित मदान और संजीव भाटिया समेत अन्य ने कहा कि फर्जी दस्तावेज और कथित मिलीभगत से चल रहे इस खेल को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। दुकानदारों ने कहा कि यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं हुई तो पूरी मार्केट बंद कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। मुझे आए हुए अभी एक महीना हुआ है। मेरे कार्यकाल में इस तरह का कोई कार्य नहीं किया गया है। उसकी जांच की जा रही है। मैं आज भी मौके पर ही आया हुआ था। -----खुर्शीद अहमद, कार्यकारी अधिकारी, वक्फ बोर्ड, झज्जर शिवा मार्केट में एक दुकानदार ने इस तरह की शिकायत दी है। उसकी जांच की जा रही है। ----राकेश, एसएचओ, थाना शहर, बहादुरगढ़।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें