महिला आयोग की वाइस चेयरपर्सन मीना परमार ने कहा कि किसी भी महिला छात्रावास में पुरुष कर्मचारी नहीं होगा। छात्रावासों में कुक, सफाईकर्मी, गैर शिक्षक कर्मचारी, क्लर्क, वार्डन सभी महिलाएं ही होंगी। जिन छात्रावास में पुरुष कर्मचारी होंगे उनको वहां से ट्रांसफर किया जाएगा। महिला आयोग ऐसे सभी छात्रावास का ब्योरा जुटाएंगे। मीना परमार हिसार में गुरु जंभेश्वर विज्ञान प्रोद्यौगिकी विश्वविद्यालय में अमर उजाला से बातचीत कर रही थी। उन्होंने कहा कि कुछ छात्रावासाें में पुरुष कर्मी होने की शिकायत मिली है। जिसके बाद आयोग ने सभी संस्थानों से छात्रावासों का ब्योरा मांगा है। सभी यूनिवर्सिटी, कॉलेजों के छात्रावास में छात्राओं की कुल संख्या, छात्रावास में तैनात कर्मचारियों की जानकारी मांगी है। जिस भी छात्रावास में पुरुष कर्मी होंगे उनको हटाकर दूसरे स्थानों पर तैनात किया जाएगा। कुछ छात्रावासों में पुरुष कर्मी कुक के तौर पर लगे हैं। उनको तुरंत प्रभाव से बदला जाएगा। उपाध्यक्ष मीना परमार ने कहा कि सभी शिक्षण संस्थानों व अन्य संस्थानों में इंटरनल कंपलेंड कमेटी होनी चाहिए। इस बारे में आदेश जारी किए गए हैं। जहां पर यह कमेटी नहीं मिलेगी उन संस्थान अध्यक्ष पर कार्रवाई होगी। आईसीसी कमेटी में मिली शिकायत का 90 दिन में समाधान भी जरूरी है।