फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिसार में पूर्व सीएम हुड्डा ने चुनाव आयोग पर उठाए सवाल, लोकतंत्र खतरे में बताया

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने वोट चोरी के आरोपों को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के रवैये से लोकतंत्र और संविधान खतरे में हैं। जब तक चुनाव आयोग हमारे सवालों का पूरा जवाब नहीं देता और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते तब तक आंदोलन जारी रहेगा। पूर्व सीएम ने 2024 हरियाणा विधानसभा चुनाव में वोट प्रतिशत 61.19 से 67.90 पहुंचने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र व संविधान दोनों खतरे में हैं। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा शुक्रवार को हिसार के अग्रसैन भवन में अपनी मौसी की शोकसभा सभा में शरीक होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि हरियाणा में मतदान के बाद वोट प्रतिशत अचानक बढ़ गया। चुनाव आयोग को इसका जवाब देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में 5 अक्तूबर 2024 को मतदान के दौरान वोट प्रतिशत 61.19 था। 6 तारीख को बढ़कर 65.65 प्रतिशत और फिर 7 तारीख की रात को 67.90 प्रतिशत हो गया। मतदान के बाद वोट प्रतिशत में इतनी बढ़ोतरी कैसे हुई। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि उपयोग होने के बाद भी ईवीएम की बैटरी 99 प्रतिशत कैसे रही। कांग्रेस इन सवालों का जवाब मांग रही है। चुनाव आयोग की ओर से अब तक संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि जब चुनाव आयोग पर सवाल उठते हैं तो भाजपा कांग्रेस पर निशाना साधने लगती है। सवालों का जवाब चुनाव आयोग को देना चाहिए। जवाब देने भाजपा के प्रवक्ता आते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट कर चुके हैं और इंडिया गठबंधन भी आंदोलन जारी रखेगा। हरियाणा में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और जिला अध्यक्षों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कांग्रेस के लोगों को गैरकानूनी तरीके से हिरासत में लिया जा रहा है। जिला अध्यक्षों के घरों के बाहर पुलिस तैनात की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से कार्यकर्ताओं को रोका नहीं जा सकता। 12 अक्तूबर को दिल्ली में कांग्रेस के अधिक से अधिक कार्यकर्ता दिल्ली जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि वोट चोरी के मुद्दे पर देशभर में विरोध हो रहा है और अलग-अलग प्रदेशों के विद्यार्थी भी इस मुद्दे को उठा रहे हैं। अब यह आंदोलन किसी के रोकने से नहीं रुकेगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कुछ क्षेत्रीय पार्टी भाजपा की बी टीम के तौर पर काम कर रही हैं। इतने बड़े मुद्दे पर भी विरोध में नहीं आ रही। इस मौके पर आदमपुर विधायक चंद्र प्रकाश सहित अन्य उपस्थित रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें