हांसी की अनाज मंडी में इस बार धान की बंपर आवक देखने को मिल रही है। मंडी में अब तक करीब 2 लाख 70 हजार क्विंटल धान की आवक हो चुकी है। इसमें करीब 82 हजार क्विंटल पीआर धान शामिल है। पीआर धान की आवक पिछले साल के मुकाबले काफी अधिक है। वर्ष 2025 में पूरी सीजन के दौरान करीब 62 हजार क्विंटल पीआर धान मंडी में पहुंची थी, जबकि इस बार अब तक 82 हजार क्विंटल पीआर धान की आवक हो चुकी है। मंडी में करीब 72 हजार क्विंटल पीआर धान की खरीद हो चुकी है और 50 हजार क्विंटल का उठान किया जा चुका है। वहीं करीब 40 हजार क्विंटल पीआर धान की राशि किसानों के खातों में पहुंच चुकी है। इस बार हांसी के अलावा हिसार और भिवानी सहित दूसरे क्षेत्रों के किसान भी अपनी पीआर धान लेकर अनाज मंडी पहुंच रहे हैं। अभी करीब 10 हजार क्विंटल पीआर धान की आवक और होने की संभावना है। अधिकारियों के अनुसार अगले एक सप्ताह में पीआर धान की आवक का काम पूरा होने की उम्मीद है। पिछले साल पूरी सीजन में मंडी में करीब 11 लाख 10 हजार क्विंटल धान की कुल आवक हुई थी, जबकि इस बार यह आंकड़ा काफी अधिक रहने की संभावना जताई जा रही है। मंडी में धान लेकर पहुंचे किसानों ने बताया कि इस बार उन्हें अपनी फसल के अच्छे दाम मिल रहे हैं। किसानों के अनुसार 1718 किस्म की धान के करीब 5100 रुपये प्रति क्विंटल तक भाव मिल रहे हैं। किसानों ने कहा कि फसल के अच्छे दाम मिलने से वे संतुष्ट हैं। हालांकि मंडी में उठान की व्यवस्था में तेजी आने से किसानों और आढ़तियों को और राहत मिलेगी।