हिसार। अफ्रीकी देश सेनेगल की राजधानी डकार में हो रहे यूथ ओलंपिक खेलों में भारतीय मुक्केबाजी टीम की एकमात्र सदस्य गुंजन यादव सोमवार को पटियाला के लिए रवाना हो गईं। उनका उत्साह बढ़ाने के लिए वर्ल्ड बॉक्सिंग एसोसिएशन (डब्ल्यूबीए) के पूर्व अध्यक्ष बोरिक वैन डेर वोर्स्ट और उनकी पत्नी इनगेबोर्ग वैन डेर वोर्स्ट ने मंजीत लोहान बॉक्सिंग क्लब पहुंचकर खिलाड़ियों को खेल उपकरण भेंट किए। डकार में 31 अक्तूबर से 13 नवंबर तक यूथ ओलंपिक खेल आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें जा रही भारतीय मुक्केबाजी टीम में शहरवासी मुक्केबाज गुंजन यादव इकलौती सदस्य हैं। वह सोमवार को पटियाला रवाना हो गईं हैं। वहां से मंगलवार को पटियाला से दिल्ली पहुंचकर विदेश रवाना होंगी। उनका उत्साह बढ़ाने के लिए वर्ल्ड बॉक्सिंग एसोसिएशन (डब्ल्यूबीए) के पूर्व अध्यक्ष बोरिक वैन डेर वोर्स्ट और उनकी पत्नी इनगेबोर्ग वैन डेर वोर्स्ट सोमवार को गांव गंगवा में स्थित मंजीत लोहान बॉक्सिंग क्लब पहुंचीं। सोसाइटी के सदस्यों ने पगड़ी पहनाकर उनका स्वागत किया। सोसाइटी के कोच विकास लोहान और मंजीत ने बताया कि यह दंपती क्लब के मुक्केबाजों को खेल उपकरण मुहैया करवा रहा है। इन उपकरणों की मदद से खिलाड़ियों की प्रतिभा में निखार आया है। उनके प्रदर्शन में भी सुधार देखा गया है। उन्होंने सोमवार को भी बैग और ग्लव्स समेत पूरा पंचिंग किट इस संस्थान को भेंट किया। क्लब के प्रधान नरेश वालिया ने बताया कि गुंजन करीब छह साल से इस केंद्र में प्रशिक्षण ले रहीं हैं। गुंजन हांसी जिले के गांव ढाणाकलां की मूलवासी हैं लेकिन बेटी को बेहतर प्रशिक्षण दिलाने के लिए अब उनके पिता हवा सिंह का पूरा परिवार शहर की फ्रेंड्स कॉलोनी में रह रहा है। इस अवसर पर सोसाइटी की सदस्य सोनिया लोहान, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र रेड्डू, सचिव सतपाल, मीडिया प्रभारी वीरेंद्र कालीरावण, परिवहन प्रभारी सुरेंद्र बडाला आदि मौजूद रहे।