फतेहाबाद। प्रदेश में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) के विरोध में कांग्रेस ने ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ चौपाल अभियान शुरू करने की तैयारी की है। अभियान के तीसरे चरण के तहत 25 नवंबर तक प्रदेशभर में गांव-गांव चौपाल लगाकर लोगों को मतदाता सूची और उनके मतदान के अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान के प्रभारी एवं विधायक शीशपाल केहरवाला ने कहा कि लोकतंत्र बचाने की आवाज गांव-गांव, गली-गली और बूथ स्तर तक पहुंचाई जाएगी। कांग्रेस के बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) मतदाता सूचियों की जांच करेंगे और लोगों को वोट से जुड़े अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे। पार्टी नेता गांवों में जाकर चौपालों के माध्यम से एसआईआर को लेकर अपनी आपत्तियां और चिंताएं लोगों के सामने रखेंगे। केहरवाला ने आरोप लगाया कि सरकार को जवाब देना चाहिए कि बाहरी लोग देश में कैसे रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर भाजपा को घेरने के साथ मतदाता सूची की पारदर्शिता का सवाल उठाएगी। उन्होंने प्रदेश की आर्थिक स्थिति का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आमजन परेशान है। मंडियों में किसानों का धान नहीं बिक रहा और व्यापारी वर्ग भी संकट से गुजर रहा है। ऐसे में कांग्रेस लोकतंत्र और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। पार्टी का दावा है कि चौपालों के जरिए अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाया जाएगा। इस मौके पर फतेहाबाद विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरविंद शर्मा समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।