फतेहाबाद। हरियाणा विधानसभा में कांग्रेस विधायक सरदार जरनैल सिंह द्वारा वर्ष 1984 के सिख-विरोधी दंगों का मुद्दा उठाए जाने के दौरान कांग्रेस विधायक इंदुराज नरवाल द्वारा उनके हाथ से पोस्टर छीनकर फेंकने के मामले को लेकर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ने कड़ा विरोध जताया। शनिवार को अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अजय खुंडिया के फतेहाबाद आगमन पर भूना कैंची चौक पर कांग्रेस विधायक इंदुराज नरवाल उर्फ भालू का पुतला दहन किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विधानसभा में हुई घटना की कड़ी निंदा की। भाजपा नेताओं ने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का सर्वोच्च मंच है, जहां प्रत्येक विधायक को अपनी बात रखने और जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने का संवैधानिक अधिकार है। ऐसे में किसी विधायक के हाथ से पोस्टर छीनकर फेंकना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।