फतेहाबाद/भट्टू कलां। थाना भट्टू कलां पुलिस ने गांव किरढ़ान में महिला से हुई झपटमारी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से महिला के गले से छीनी गई करीब 10 ग्राम वजन की पूरी सोने की तबीजी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए झपटमारी करते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि और सत्यनारायण उर्फ खोलु निवासी मानावाली के रूप में हुई है। रवि के खिलाफ वर्ष 2022 में भी मामला दर्ज हुआ था। डीएसपी भट्टू कलां जगदीश कुमार ने बताया कि किरढ़ान निवासी इंद्रो देवी ने 22 सितंबर को शिकायत दी थी कि दोपहर करीब 2:15 बजे वह घर के सामने स्थित किरयाना दुकान से सामान लेकर लौट रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक, जिन्होंने चेहरे मास्क से ढके हुए थे, उसके पास पहुंचे और गले से करीब 10 ग्राम की सोने की तबीजी झपटकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र से तकनीकी व अन्य साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने रवि और सत्यनारायण उर्फ खोलु को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से तबीजी बरामद कर वारदात में शतप्रतिशत रिकवरी की है। आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल बाइक और अन्य आपराधिक घटनाओं में उनकी संलिप्तता को लेकर पूछताछ की जा रही है।