टोहाना राइस मिलर एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। बैठक में सुखपाल सिंह को प्रधान चुना गया। इस दौरान मिलरों की लंबित मांगों और धान खरीद से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के बाद जानकारी देते हुए नवनियुक्त प्रधान सुखपाल सिंह, नसीब सैनी और पूर्व प्रधान जसपाल बंसल ने बताया कि सभी मिलरों की सहमति से नई टीम बनाई गई है। जिसमें सोनू रेणू को उपप्रधान, चंद्र प्रकाश बेदी को सचिव, संजीव मडिया को कैशियर, अशोक कुमार को सलाहकार और पूर्व प्रधान जस्सी बंसल को चेयरमैन बनाया गया है। मिलरों ने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण मिलरों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सबसे बड़ा मुद्दा सीएमआर का लंबित कार्य है। अफसरशाही के कारण पिछले सीजन का सीएमआर अभी तक पूरा नहीं हुआ है, जिससे मिलरों को हर दफ्तर में परेशान होना पड़ रहा है। इसी कारण एकजुटता जरूरी है। उन्होंने बताया कि उनकी मांगों को लेकर डीसी फतेहाबाद और राज्यसभा सांसद सुभाष बराला को ज्ञापन सौंपा गया है, वहीं हरियाणा राइस मिलर एसोसिएशन के प्रदेश प्रधान अमरजीत छाबड़ा के माध्यम से मुख्यमंत्री को भी मांग पत्र भेजा गया है। मांग है कि जब तक पुराना सीएमआर क्लीयर नहीं होता और सरकार कोई स्पष्ट पॉलिसी नहीं लाती, तब तक कोई भी मिलर नया रजिस्ट्रेशन नहीं करवाएगा। मिलरों ने कहा कि धान का सीजन शुरू हो गया है, मंडियों में फसल आनी शुरू हो गई है। वे चाहते हैं कि किसान की फसल उचित दाम पर बिके। सरकार से मांग है कि सभी मिलरों को बराबर मात्रा में धान का आवंटन किया जाए और लंबित देनदारियां जल्द से जल्द पूरी की जाएं। प्रशासन ने 2-3 दिन में मांगें मानने का आश्वासन दिया है।