श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मंगलवार को जगजीवनपुरा स्थित गुरुद्वारे में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही गुरुद्वारे में माथा टेकने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। संगत ने गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष शीश झुकाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान धार्मिक दीवान सजाया गया और रागी जत्थों ने शब्द-कीर्तन कर संगत को निहाल किया। गुरु सिंह सभा के सदस्य महेंद्र सिंह वधवा ने बताया कि रविवार को गुरुद्वारे में शुरू हुए अखंड पाठ का मंगलवार को गुरुपर्व के दिन समापन हुआ। इस अवसर पर लुधियाना सिख मिशनरी कॉलेज से पहुंचे कथा वाचक शमशेर सिंह ने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं और जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला। वहीं, तख्त दमदमा साहिब से आए रागी जत्थे में सुखचैन सिंह ने साथियों सहित शब्द-कीर्तन किया। कार्यक्रम के अंत में संगत के लिए गुरु का अटूट लंगर भी बरताया गया।