त्योहारी सीजन में बाजारों को अतिक्रमण मुक्त रखने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने के लिए नगर परिषद और ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार सुबह अभियान चलाया। इस दौरान हंस मार्केट, थाना रोड, जवाहर चौक, चार मरला कॉलोनी और पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में दुकानों के बाहर रखा सामान हटवाया गया। कार्रवाई के दौरान करीब 25 दुकानों के बाहर रखा सामान जब्त कर लिया गया। अभियान की सूचना मिलते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया। नगर परिषद के एसआई राहुल कुमार और ट्रैफिक थाना प्रभारी जयसिंह ने दुकानदारों से अपील की कि वे त्योहारी सीजन को देखते हुए प्रशासन का सहयोग करें। दुकानों के बाहर सामान रखकर अतिक्रमण न करें, ताकि बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। अधिकारियों के अनुसार, अतिक्रमण के कारण सड़क पर आवागमन प्रभावित होता है और जाम की स्थिति बन जाती है। 20 दिन में तीन बार कार्रवाई, फिर भी हालात जस के तस हंस मार्केट में अतिक्रमण की समस्या लगातार बनी हुई है। नगर परिषद पिछले 20 दिनों में यहां तीन बार अभियान चला चुकी है, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में खास सुधार नहीं हुआ है। बाजार में दुकानों के बाहर सामान रखने के साथ सब्जी की रेहड़ियां लगने से सड़क पर आवाजाही प्रभावित होती है। इससे व्यस्त समय में जाम की स्थिति बन जाती है और वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी होती है। अतिक्रमण हटाने का अभियान ट्रैफिक थाना प्रभारी जयसिंह और नगर परिषद के एसआई राहुल कुमार व महेश कुमार के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान के दौरान टीम ने बाजारों में दुकानों के बाहर रखे सामान को हटवाया और सामान जब्त किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बाजारों में व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुकानदारों का सहयोग जरूरी है। यदि दुकानदार सड़क और फुटपाथ पर सामान रखने से परहेज करेंगे, तो आमजन को राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था भी बेहतर बनी रहेगी।