गांव बीघड़ के पास बुधवार दोपहर को मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और मोटरसाइकिल की टक्कर में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में चालक की एक टांग टूट गई। घायल गांव चबलामोरी निवासी पवन को गंभीर हालत में नागरिक अस्पताल लाया गया। पवन मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी काम से जा रहा था। जैसे ही वह गांव बीघड़ के पास पहुंचा, उसकी मोटरसाइकिल की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पवन सड़क पर गिरकर घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोग एकत्र हो गए और घायल को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने पवन की जांच की, जिसमें उसकी टांग में गंभीर चोट पाई गई। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कर लिया। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। घायल पवन का कहना है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक लापरवाही से चला रहा था।