फतेहाबाद। रोडवेज बसों में दोपहर 12 बजे से मुफ्त यात्रा शुरू होते ही शहर के पुराने और नए बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई। सबसे अधिक भीड़ हिसार और सिरसा रूट की बसों में दिखाई दी। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए लोकल रूट पर मिनी बसें भी चलाई गईं। मुफ्त यात्रा का लाभ उठाने के लिए बड़ी संख्या में लोग बस स्टैंड पहुंचे और विभिन्न रूटों पर रवाना हुए। दोपहर 12 बजे से रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा शुरू होने के बाद बस स्टैंड पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ने लगी। शहर के पुराने बस स्टैंड के साथ नए बस स्टैंड पर भी यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में अधिक रही। बसों के इंतजार में यात्रियों की कतारें दिखाई दीं। बसों के आते ही उनमें सवार होने के लिए यात्रियों में जद्दोजहद देखने को मिली। जिला मुख्यालय से हिसार और सिरसा जाने वाले रूट की बसों में सबसे ज्यादा भीड़ रही। इन दोनों प्रमुख रूटों पर यात्रियों की संख्या अधिक होने से बसों में सीट पाने के लिए यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। कई बसों के भर जाने के बाद यात्रियों को अगली बस का इंतजार करना पड़ा। रोडवेज कर्मचारियों ने भीड़ को देखते हुए यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से बसों में बैठाने का भी प्रयास किया। जीएम मनोज कुमार ने बताया कि उनकी ओर से व्यवस्था बनाई जा रही है।