रतिया। सरदूलगढ़ कैंची-फतेहाबाद रोड पर सोमवार देर शाम को दुकान से ट्रैक्टर-लोडर बाहर निकालते समय उसकी चपेट में आने से साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद मंगलवार सुबह मृतक के परिजनों ने जिम्मेदार व्यक्ति की गिरफ्तारी और हादसे में शामिल लोडर को कब्जे में लेने की मांग को लेकर पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया। पुलिस द्वारा लोडर कब्जे में लेने और एक युवक को हिरासत में लिए जाने के बाद परिजन शांत हुए और पोस्टमार्टम करवाकर शव का अंतिम संस्कार किया। वार्ड नंबर 15 निवासी राजकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके करीब 65 वर्षीय पिता जीत सिंह सोमवार शाम करीब सवा सात बजे साइकिल पर सवार होकर घर लौट रहे थे। जब वह महांगा सिंह वर्क्स की गली के पास पहुंचे तो वर्कशॉप के अंदर खड़े ट्रैक्टर-लोडर को बाहर निकाला जा रहा था। इसी दौरान लोडर की चपेट में आने से जीत सिंह ट्रैक्टर-लोडर और गली की दीवार के बीच दब गए। हादसे में उनके सिर और छाती पर गंभीर चोटें आईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गली की दीवार भी क्षतिग्रस्त होकर गिर गई। मौके पर मौजूद परिजनों और राहगीरों ने घायल को नागरिक अस्पताल रतिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार :- मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के दौरान मृतक के परिजनों ने रोष जताते हुए कहा कि जब तक हादसे के जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक वे न तो पोस्टमार्टम करवाएंगे और न ही शव लेंगे। सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी परवीन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी परवीन ने बताया कि पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रैक्टर-लोडर को कब्जे में ले लिया। साथ ही वर्कशॉप संचालक के बेटे व लोडर चालक सुखविंदर सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए सहमत हुए और शव का अंतिम संस्कार कर दिया।