फतेहाबाद। गांव धांगड़ स्थित राजकीय बहुतकनीकी संस्थान के बाहर विद्यार्थियों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच गंडासे भी चले। करीब 10 मिनट तक विद्यार्थी हाईवे पर ही एक-दूसरे से भिड़ते रहे। इस दौरान वहां से गुजर रहे लोगों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के तीन वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। मामला सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पहचान को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सहयोग नहीं मिल रहा है। कॉलेज में अब तीन दिन का अवकाश है। बताया जा रहा है कि विद्यार्थियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद दोनों पक्ष कॉलेज के बाहर हाईवे पर आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। विद्यार्थियों ने एक-दूसरे पर गंडासों से हमला करने का प्रयास किया। करीब 10 मिनट तक चले इस घटनाक्रम के दौरान सड़क पर भी दोनों पक्षों के बीच झड़प होती रही। वायरल वीडियो में कुछ युवक हाथों में हथियारनुमा सामान लेकर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। - कॉलेज प्रशासन बोला- बाहर हुआ घटनाक्रम राजकीय बहुतकनीकी संस्थान के प्रिंसिपल राजीव सरदाना ने बताया कि घटनाक्रम कॉलेज परिसर के बाहर हुआ है। जैसे ही कॉलेज स्टाफ को इसकी सूचना मिली, कर्मचारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई और शिकायत भी दी गई है। - घटना के बाद मारपीट से संबंधित तीन वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर झगड़े में शामिल युवकों की पहचान करने के साथ घटनाक्रम के कारणों का पता लगा रही है। - कॉलेज प्रशासन नहीं कर रहा सहयोग : सदर थाना प्रभारी का कहना है कि मामले में सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी और जांच शुरू की गई है। कॉलेज की तरफ से शिकायत मिली है लेकिन पहचान को लेकर सहयोग नहीं मिला है। कॉलेज में अब तीन दिन छुट्टियां है। -